|
क्या GST ने आपकी MSME की गति थाम रखी है? इस लेख में जानिए कैसे गुजरात
के प्लास्टिक पैकेजिंग उद्यमी ने QRMP स्कीम अपनाकर नकदी प्रवाह सुधारा, और बिहार के फर्नीचर निर्माता ने ई‑इनवॉइसिंग से बड़े
खरीदारों तक पहुंच बनाई। साथ ही पढ़ें सरल टिप्स जैसे Composition स्कीम का चयन और GSTR‑2B से ITC
मिलान, तथा जानिए सरकार की प्रमुख
पहलें—कंपोजिशन स्कीम,
QRMP, GSTR‑2B और GST
सुविधा
केंद्र। अभी क्लिक करें और पूरी कहानी से सीखें कि आप भी GST की चुनौतियों को कैसे अवसर में
बदल सकते हैं! |
भारत जैसे विकासशील देश की अर्थव्यवस्था में सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम (MSMEs) की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। ये उद्यम न केवल करोड़ों लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार प्रदान करते हैं, बल्कि देश के सकल घरेलू उत्पाद (GDP) में भी उल्लेखनीय योगदान करते हैं। जुलाई, 2017 में जब भारत सरकार ने वस्तु एवं सेवा कर (GST) को लागू किया, तो इसका उद्देश्य कर व्यवस्था को सरल, पारदर्शी और समानता प्रदान करना था। GST से उम्मीद की गई थी कि यह छोटे व्यापारियों के लिए व्यापार करना आसान बनाएगा, अंतर्राज्यीय करों की जटिलता समाप्त होगी, और एक राष्ट्रीय बाजार की अवधारणा को बल मिलेगा। लेकिन व्यवहारिक स्तर पर जब यह प्रणाली लागू हुई, तो खासकर MSME वर्ग के लिए यह अनेक प्रकार की चुनौतियाँ लेकर आई।

GST प्रणाली पूरी तरह से डिजिटल है, जिससे वे व्यापारी जो वर्षों से परंपरागत लेखा प्रणाली का पालन करते आ रहे थे, एकदम नए डिजिटल ढांचे में ढलने को विवश हो रिटर्न फाइलिंग की अनिवार्यता, मासिक रिटर्न फाइलिंग, GSTR‑1, GSTR‑3B, E‑way Bill जैसे फॉर्म्स की समझ और तकनीकी दिक्कतें उनके लिए रोजमर्रा की चुनौतियाँ बन गईं। उदाहरण के तौर पर, एक लघु स्तर का कपड़ा व्यापारी, जो सालाना 40 लाख रुपये का कारोबार करता है, उसे हर माह रिटर्न फाइल करना होता है, जिसमें यदि कोई चूक हो जाए तो भारी पेनल्टी और नोटिस का सामना करना पड़ सकता है। यही नहीं, GST प्रणाली में इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) भी तभी प्राप्त होता है जब उसका विक्रेता समय पर रिटर्न फाइल करे, जिससे MSMEs की नकदी प्रवाह (cash flow) बाधित हो जाती है। इस प्रकार उनका पूंजी प्रबंधन असंतुलित हो जाता है।
तकनीकी दृष्टि से भी GST एक उन्नत प्रणाली है, लेकिन यह मानकर चलना कि देश के हर छोटे व्यापारी के पास कंप्यूटर, इंटरनेट, और तकनीकी समझ है, तो यह पूरी तरह से व्यावहारिक नहीं है। एक प्लास्टिक डिब्बे निर्माता, जो ग्रामीण क्षेत्र में कार्यरत है, अक्सर GST पोर्टल का उपयोग करने में असहज महसूस करता है। E‑Way Bill का सही समय पर न बनने के कारण कई बार उसके माल को रास्ते में रोक लिया जाता है और अनावश्यक पेनल्टी झेलनी पड़ती है। इसके अतिरिक्त, GST अधिनियम और नियमों में बार-बार बदलाव MSMEs को और अधिक भ्रमित कर देते हैं। कोई अधिसूचना कब से लागू हुई, किस पर लागू हुई – इसकी जानकारी प्राप्त करना और उसे समय रहते समझकर पालन करना छोटे व्यापारियों के लिए अत्यंत कठिन कार्य है।
इन चुनौतियों को समझते हुए सरकार ने कई सराहनीय कदम भी उठाए हैं। उदाहरण के लिए, 1.5 करोड़ रुपये तक के टर्नओवर वाले व्यापारियों के लिए कंपोजिशन स्कीम शुरू की गई, जिसमें केवल 1% टैक्स देकर सरल रिटर्न भरा जा सकता है। इससे उन व्यापारियों को राहत मिली जो तकनीकी जटिलताओं के कारण नियमित GST अनुपालन में कठिनाई अनुभव करते थे। इसके अलावा, QRMP स्कीम (Quarterly Return Monthly Payment) लागू कर सरकार ने 5 करोड़ रुपये तक के टर्नओवर वालों के लिए तिमाही रिटर्न की सुविधा दी, जिससे मासिक रिटर्न की जटिलता काफी हद तक समाप्त हुई। साथ ही, सरकार ने GSTR-2B जैसे ऑटो पॉप्युलेटेड फॉर्म्स लाकर ITC के निर्धारण को सरल और सटीक बनाने का प्रयास किया है।
इन प्रयासों के साथ ही सरकार द्वारा GST सुविधा केंद्र, सेमिनार, प्रशिक्षण कार्यक्रम और जागरूकता अभियान भी समय‑समय पर आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें MSMEs को पंजीकरण से लेकर रिटर्न फाइलिंग और नोटिस का जवाब देने तक की पूरी जानकारी दी जाती है। COVID-19 महामारी के दौरान MSMEs को राहत देने के लिए सरकार ने Amnesty Scheme चलाई, जिसमें लेट फीस में छूट और ब्याज दर में कमी कर दी गई, जो इस वर्ग के लिए काफी सहायक सिद्ध हुई।

उदाहरण के तौर पर, गुजरात के सूरत जिले में स्थित एक प्लास्टिक पैकेजिंग निर्माता, जो पहले मासिक रिटर्न और ITC मिलान की प्रक्रिया से बेहद परेशान
था, उसने QRMP स्कीम को अपनाया। इससे न केवल उसकी
मासिक अनुपालनों की जटिलता घटी, बल्कि नकदी प्रवाह (cash flow) भी बेहतर हुआ, क्योंकि अब वह प्रत्येक तिमाही में
ही रिटर्न फाइल करता है। इसी तरह, बिहार के मुजफ्फरपुर में एक फर्नीचर निर्माता ने ई‑इनवॉइसिंग को अपनाकर बड़े
रिटेल ब्रांड्स से सीधा ऑर्डर प्राप्त करना शुरू कर दिया, क्योंकि ई‑इनवॉइस से उसकी कर
पारदर्शिता और विश्वसनीयता बढ़ी। यह उदाहरण दिखाते हैं कि अगर MSMEs
आधुनिक कर प्रणाली को समझें और
उसमें ढलने का प्रयास करें, तो वे व्यापार में उल्लेखनीय प्रगति कर सकते हैं।
इस परिदृश्य
में MSMEs को यह समझने की
आवश्यकता है कि GST केवल एक कानूनी बाध्यता नहीं, बल्कि एक ऐसा मंच है जो उनके व्यवसाय को संगठित और विस्तारशील बना सकता है।
यदि वे समय पर रिटर्न भरें, GSTR-2B के माध्यम से ITC को सत्यापित करें, Composition या QRMP स्कीम का चयन करें, और जरूरत पड़ने पर किसी योग्य GST सलाहकार की सहायता लें, तो वे इस प्रणाली से जुड़ी अधिकांश समस्याओं से बच सकते
हैं। उन्हें यह भी समझना चाहिए कि डिजिटल प्रणाली को अपनाना आज की आवश्यकता है, न कि विकल्प।
अंततः यह कहा जा सकता है कि GST और MSMEs के बीच का संबंध एक बदलाव की प्रक्रिया से गुजर रहा है। प्रारंभिक वर्षों में जहां यह प्रणाली MSMEs के लिए एक चुनौती बनकर सामने आई थी, वहीं आज यह धीरे-धीरे उनकी कार्यप्रणाली में शामिल हो रही है। सरकार की ओर से लगातार सुधार किए जा रहे हैं और व्यापारियों में भी जागरूकता बढ़ रही है। यदि यह संवाद इसी दिशा में आगे बढ़ता रहा, तो GST वास्तव में MSMEs के लिए एक शक्ति बनकर उभरेगा, न कि बोझ।
|
MSMEs ने समय के साथ चुनौतियों से
लड़ते हुए जिस लचीलापन, धैर्य और नवाचार की मिसाल पेश की है, वह न केवल अनुकरणीय है, बल्कि भारत की आर्थिक आत्मनिर्भरता की नींव को और अधिक
मजबूत करता है। आने वाला समय MSMEs और GST के बीच समन्वय का होगा, जहाँ नीति और प्रयोग, दोनों ही साथ चलेंगे। |
______________
*** अस्वीकरण: इस लेख में व्यक्त विचार लेखक के निजी हैं और gyanpublication.com या इसके स्वामी की आधिकारिक राय नहीं हैं। यह केवल सूचना व शिक्षा हेतु है, इसे कानूनी या व्यावसायिक सलाह न मानें। पाठकों को सलाह दी जाती है कि वे जानकारी को स्वतंत्र रूप से सत्यापित करें और आवश्यकता पड़ने पर किसी योग्य विशेषज्ञ की सलाह लें। लेखक, प्रकाशक या वेबसाइट किसी भी त्रुटि या परिणाम के लिए उत्तरदायी नहीं होंगे।
Leave a Comment